8 दिसंबर को चुनाव नतीजे आने के बाद से ही सीएम पद को लेकर घमासान मचा हुआ था। आखिर मुख्यमंत्री का नाम तय हो गया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल के नए सीएम। इस बात का फैसला पार्टी विधायक दल की बैठक में हो गया है। वे हिमाचल के 15 वे सीएम होंगे। इसके साथ मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाया गया है। हिमाचल में ऐसा पहली बार हुआ है जब प्रदेश में सीएम के साथ साथ डिप्टी सीएम भी बनाया गया है।
आपको बता दें कि हिमाचल के सीएम बनने की घोषणा के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू भावुक हो गए। जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई तो उनके आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने सीएम की जिम्मेदारी देने पर सोनिया गांधी प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के साथ प्रदेश के नेताओं का आभार जताया। उन्होंने हिमाचल की जनता का भी आभार जताया। वहीं सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जनता से किया हर वादा पूरा करना अब उनकी जिम्मेदारी है। वह प्रदेश को ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे।
बता दें कि सुखविंदर सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री कल यानी रविवार को अपने अपने पद की शपथ लेंगे। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर 12 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी भी शामिल होंगे।