शिमला, 14 फरवरी, 2023 । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मानवीय संवेदनाओं के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जन सेवा को सदैव ही विशेष अधिमान दिया है। आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को यह सूचना प्राप्त हुई कि चंबा जिला के पांगी स्थित किलाड़ में एक व्यक्ति के स्वास्थ्य की स्थिति बहुत गंभीर है और उसे तुरंत विशेष उपचार की आवश्यकता है, लेकिन पांगी में भारी बर्फबारी के कारण सड़क के रास्ते अस्पताल पहुंचाना संभव नहीं हो पा रहा है।
मुख्यमंत्री ने उसी समय अन्य क्षेत्र के लिए अपना सरकारी प्रवास रद्द कर हेलिकॉप्टर पांगी, किलाड़ भिजवाया और मरीज को एयरलिफ्ट कर डॉ. राजेंद्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में विशेष चिकित्सकों द्वारा मरीज को सही समय पर उपचार उपलब्ध करवाया गया। चिकित्सकों के अनुसार अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।
मरीज के भाई प्रीतम लाल ने मानवीय संवेदनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगर समय रहते उनके
भाई को एयरलिफ्ट नहीं किया जाता, तो उनकी जान के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अस्पताल प्रशासन को मरीज को हरंसभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। सरकार के इन प्रयासों ने एक बार पुनः यह स्थापित किया है कि वर्तमान प्रदेश सरकार आम जन के सुख-ंदुःख में सदैव उनके साथ है।